• Fri. Dec 5th, 2025

CM के कार्य से जनता प्रभावित, सैनी ने राजनीति में नया मुकाम हासिल किया

चंडीगढ़ 24 जनवरी 2025 : नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चुनाव लड़ते हुए भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा में लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर जहां इतिहास रचने का काम किया। वहीं, अपनी सरकार के 100 दिन के कार्यकाल में सैनी जनता के बीच काफी लोकप्रिय हो गए हैं। हरियाणा की नायाब सरकार के बारे में प्रदेश के लोग कहते हैं, कथनी-करनी एकै सार, जुल्म रहैया न भ्रष्टाचार, बिना खर्ची-पर्ची मिल रही नौकरियां हजार।

अपनी हंसमुख और मृदुभाषी शैली के चलते नायब सैनी जन-जन में लोकप्रिय हुए हैं। नायब सिंह सैनी प्रदेश के ऐसे पहले मुख्यमंत्री हैं, जिन्हें इतने कम समय में अपनी कुशल कार्यशैली की बदौलत लोकप्रियता मिली है, जिसके चलते जनता-जनार्दन ने हरियाणा में तीसरी बार बीजेपी सरकार बनाने का जनादेश दिया है। प्रदेश सरकार के 100 दिन के दूसरे कार्यकाल में मुख्यमंत्री लोगों के दिलों में अमिट छाप छोड़ने में कामयाब हुए हैं।

व्यक्तित्व के कारण लोकप्रिय
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पूर्व उपप्रधानमंत्री एवं हरियाणा के मुख्यमंत्री चौधरी देवीलाल भी अपनी मिलनसार प्रवृति के कारण ऐसे ही लोकप्रिय नेता थे और इसी वजह से उन्हें ताऊ की उपाधि से नवाजा गया था। अब नायब सिंह सैनी की “नायाब कार्यशैली’ ने उन्हें राजनीति में एक अलग मुकाम दिलाया है। उनका यह सरल और सुलभ व्यक्तित्व न केवल आम जनता के बीच, बल्कि सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चित है। सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के फॉलोअर्स की संख्या लगातार बढ़ रही है, जो उनकी लोकप्रियता को दर्शाता है।

पीएम मोदी भी कर चुके हैं तारीफ
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को लेकर खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कईं बार तारीफ कर चुके हैं। प्रधानमंत्री मोदी जब भी हरियाणा में किसी बड़े राजनीतिक मंच या अन्य समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित होते हैं तो वे अपने संबोधन में अकसर नायब सैनी का जिक्र करते हैं। पीएम मोदी कहते हैं कि नायब सिंह सैनी विनम्र, विवकेशील व विद्वान व्यक्तित्व के धनी हैं, जिन्होंने इतने कम समय में मुख्यमंत्री के रूप में राजनीतिक लोकप्रियता हासिल की है।

कथनी-करनी एकै सार
‘नायाब’ सरकार के बारे में अब प्रदेश के लोग कहते हैं कि कथनी-करनी एकै सार, जुल्म रहैया न भ्रष्टाचार, बिना खर्ची-पर्ची मिल रही नौकरियां हजार। विधानसभा चुनावों के दौरान जब हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा ग्रुप-सी के 25 हजार से अधिक अभ्यार्थियों का परिणाम घोषित किया गया, तो मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वादा किया था कि वे मुख्यमंत्री पद की शपथ बाद में लेंगे पहले युवाओं को नियुक्ति पत्र देंगे। 17 अक्टूबर, 2024 को नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में शपथ लेने से पहले 25 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए, उसके बाद स्वयं शपथ ली। 

विपक्ष भी है मुख्यमंत्री की कार्यशैली का कायल
आम जनता के साथ  प्रदेश के विपक्ष के कई नेता भी मुख्यमंत्री की कार्यशैली के कायल हैं। बीते दिनों सिरसा में मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया को हवाई अडडे पर बुलाकर खुद उनका इंतजार किया। इसके बाद मुख्यमंत्री अपनी गाड़ी में विधायक गोकुल सेतिया को बैठा कर समारोह स्थल पर ले गए। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री ने गोकुल सेतिया को मंच से बोलने का भी मौका दिया। इस दौरान गोकुल सेतिया ने खुले मंच से खुद भी मुख्यमंत्री की तारीफ की थी।

इसी प्रकार से 20 जनवरी 2025 को नारायणगढ़ में हुई विकास रैली में भी कांग्रेस विधायक शैली चौधरी ने भी नायब सिंह सैनी को लोकप्रिय मुख्यमंत्री बताते हुए अपने संबोधन की शुरुआत की थी। इसके साथ ही उन्होंने नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र की मांगों के साथ-साथ सरकार के कई कामों व मुख्यमंत्री की सराहना भी की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *