• Fri. Mar 14th, 2025 7:21:20 AM

‘सब फड़े जाएंगे’, चाइना डोर पर पंजाब पुलिस की कड़ी नजर

पंजाब,12 जनवरी : राज्य में चाइना डोर पर नजर रखने के लिए पंजाब पुलिस ड्रोन की मदद लेगी। पंजाब पुलिस के महानिदेशक गौरव यादव ने इस संबंध में सभी पुलिस कमिश्ररों तथा एस.एस.पीज. को लिखित निर्देश जारी कर दिए हैं जिसमें चाइना डोर के प्रयोग को हर हाल में रोकने के लिए कहा गया है। डी.जी.पी. द्वारा भेजे गए निर्देशों में कहा गया है कि सभी पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्राधिकार में चाइना डोर के प्रयोग को रोक कर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करें। राज्य में मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार ने लोगों की जान की रक्षा करने के लिए चाइना डोर के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है।

पुलिस अधिकारियों को कहा गया है कि वह ड्रोन की मार्फत से पता लगाएं कि किन-किन स्थानों पर लोगों द्वारा चाइना डोर का इस्तेमाल किया जा रहा है क्योंकि राज्य में चाइना डोर के इस्तेमाल पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बनाए गए नियमों को ध्यान में रख कर कदम उठाए जा रहे हैं और लोगों की सुरक्षा पंजाब पुलिस के लिए सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों के दौरान चाइना डोर के प्रयोग के कारण कई हादसे हो चुके हैं जिसमे कई लोगों की जानें भी जा चुकी हैं। इसकी अब पुनवृत्ति नहीं होने दी जाएगी।

डी.जी.पी. के निर्देशों के बाद जालंधर, अमृतसर, लुधियाना व अन्य स्थानों पर ड्रोन की मार्फत चाइना डोर का पता लगाने के लिए अभियान शुरू भी कर दिया गया है। माना जा रहा है कि अब जैसे-जैसे आगे बसंत पंचमी का दिन नजदीक आएगा तो आकाश में पतंगें उड़ती हुई दिखाई देंगी। इसे देखते हुए पुलिस द्वारा भी प्रतिबंधित डोर का इस्तेमाल करने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तेज कर दी जाएगी और कईयों के खिलाफ एफ.आई.आर. भी दर्ज की जा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *