बुढलाडा, 7 दिसंबर 2024 : बुढलाडा ब्लॉक के पास स्थित गांव मल्ल सिंह वाला में एक शादी के दौरान शगुन की तस्वीरें ले रहे फोटोग्राफर की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मक्खन सिंह पुत्र राम सिंह के रूप में हुई है। यह पूरी घटना पास के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
बताया जा रहा है कि शादी के घर में खुशी का माहौल था और लोग शगुन के मौके पर तस्वीरें ले रहे थे। इसी दौरान, फोटोग्राफर की तबीयत अचानक खराब हो गई। उसने अपना शरीर आगे झुकाया, कैमरा नीचे रखा और अचानक कुर्सी से गिर पड़ा। यह देख घरवाले और अन्य लोग दौड़े। शगुन के घर में अचानक सन्नाटा छा गया, और देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई। फोटोग्राफर को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पंजाब फोटोग्राफर यूनियन ने कहा कि मक्खन सिंह गरीब परिवार से थे। उन्होंने पंजाब सरकार से मृतक के बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और बच्चों के लिए आर्थिक सहायता की मांग की है।
