• Fri. Dec 5th, 2025

Haryana Weather: हरियाणावासी निकाल लो रजाई…आ गई ठंड, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

हरियाणा डेस्क : हरियाणा में धुंध जारी है, इससे ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। सुबह धुंध के कारण कई शहरों में दृश्यता 30 मीटर रह गई। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने रविवार के लिए सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, जींद में घनी धुंध का यलो अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटे में ही रात का पारा 2.5 डिग्री तक कम हो गया। हिसार में यह सबसे कम 11.5 डिग्री रहा, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम है। हरियाणा में मौसम आमतौर पर 21 नवंबर तक शुष्क रहने की संभावना है। राज्य में कल 17 नवंबर से फिर से उत्तरी और उत्तरी पश्चिमी हवाएं हल्की गति से चलने की संभावना से स्मॉग की स्थिति में कमी आने तथा रात्रि तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

हालांकि रोहतक में रात का पारा सबसे अधिक 15.7 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार इस बार नवंबर में पहली बार है, जब रात का पारा सामान्य की श्रेणी में आया है।

सूबे में बनी स्मॉग की स्थिति

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि हरियाणा राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में 12 नवंबर से 16 नवंबर तक स्मॉग की स्थिति बनी रही। इसका मुख्य कारण लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से हवाओं में बदलाव उत्तर और उत्तर पश्चिमी हवाएं से पुरवाई होने के कारण वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ने से धूल तथा अन्य प्रदूषक तत्व निचले वातावरण में संघनित हो गए, जिससे स्मॉग बना तथा जिससे दिन व रात्रि तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

हरियाणा के 8 शहर सबसे प्रदूषित

हरियाणा के आठ शहरों में प्रदूषण को लेकर हालात सुधर नहीं रहे हैं। भिवानी में तो हालात बेहद खराब हैं। आज सुबह जारी हुए आंकड़ों के अनुसार यहां का एक्यूआई 579 तक पहुंच गया। इसके अलावा बहादुरगढ़ का 483, हिसार का 407, मुरथल का 349, जींद का 327, कैथल का 296, गुरुग्राम का 241, कुरुक्षेत्र का 230 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया। वहीं पंचकूला में सूबे का सबसे कम और सबसे अच्छा एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया, यहां का एक्यूआई मात्र 71 दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश में प्रदूषण के चलते पहली से 5वीं कक्षा तक स्कूलों को बंद करने को लेकर सभी डीसी निर्णय ले सकते हैं। इस संबंध में शिक्षा विभाग ने सभी डीसी को पत्र जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *