• Fri. Dec 5th, 2025

कड़ाके की ठंड के लिए तैयार रहें पंजाब के लोग, मौसम को लेकर आई बड़ी अपडेट

पंजाब : पंजाब के मौसम को लेकर एक अहम खबर सामने आई है। नवंबर के महीने में पंजाब और दिल्ली एनसीआर में सर्दी का अहसास फिलहाल नहीं हो रहा है, हालांकि तापमान में थोड़ी गिरावट जरूर दर्ज की गई है। दिन के समय लोग हल्की गर्मी महसूस कर रहे हैं, जबकि रात में मौसम ठंडा हो जाता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस साल सर्दी का आगाज 15 नवंबर से होने की संभावना है, और इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे गिरावट देखने को मिल सकती है।

दिल्ली में ठंड कम महसूस हो रही है, लेकिन देश के अन्य हिस्सों में तापमान में कमी दर्ज की जा रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) की रिपोर्ट के अनुसार, अगले पांच दिनों में देश के कई राज्यों में बारिश हो सकती है। इसके अलावा, उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में ठंड में तेजी आई है।

पंजाब में मौसम में आए बदलाव ने रात के तापमान का 54 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस बार रात का तापमान सामान्य से अधिक है, जिससे रातें पहले के मुकाबले अधिक गर्म महसूस हो रही हैं। रिपोर्ट के अनुसार, रात का तापमान 18 डिग्री तक दर्ज किया गया है, जो सामान्य से अधिक है, और दिन का तापमान 31-32 डिग्री तक पहुंच रहा है।

मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि प्रदूषण और मानव जीवन में हो रहे बदलावों के चलते मौसम में असामान्य बदलाव देखने को मिल रहे हैं। इस मौसमी बदलाव का फसलों पर खास असर नहीं पड़ता, लेकिन बारिश होने की स्थिति में फसलों पर प्रभाव पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *