• Fri. Dec 5th, 2025

लुधियाना में युवकों का हंगामा, NRI के घर पर की अंधाधुंध फायरिंग

लुधियाना 23 अगस्त 2024 : लुधियाना से सनसनीखेज खबर सामने आई है। बी.आर.एस. नगर में रहने वाले एक एन.आर.आई. के घर पर देर रात कार सवार युवकों ने वारदात को अंजाम दिया। युवकों ने एन.आर.आई. के घर पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोलियां चलने के बाद आरोपी कार लेकर फरार हो गए।  यह सारी घटना घर के बाहर लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हो गई। 

गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहशत में है। इसी के साथ एन.आर.आई. व उसका परिवार घबरा गया।  उक्त घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद  पुलिस के आलाधिकारी और थाना सराभा नगर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच दौरान पुलिस  कोठी के अंदर से गोलियों के खोल भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने सी.सी.टी.वी. खंगालने के बाद फुटेज कब्जे में ले लिए हैं और आगे की जांच शुरू कर दी है।

दरअसल, यह मामला बुधवार की देर रात करीब डेढ़ बजे का है। जानकारी के मुताबिक बी.आर.एस. नगर में राजदीप सिंह चाहल रहता है जोकि एन.आर.आई. है। वह करीब 15-20 दिनों पहले अस्ट्रेलिया से वापस घर आया था। देर रात को वह घर पर परिवार के साथ सो रहा था। इस बीच एक सफेद रंग की कार आई। कार पहले गली में गई, फिर युवक बैक करने के बाद एन.आर.आई. की कोठी के सामने कार को लेकर आए। इसके बाद उन्होने ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

बताया जा रहा है कि मौके पर आधा दर्जन से ज्यादा फायर हुए जिस कारण कोठी के अंदर लगे खिड़की के शीशे और अन्य सामान भी टूट गया। फायरिंग की आवाज से इलाके में सनसनी फैल गई। लोग अपने घरों से बाहर आ गए। वहीं, सूत्रों से पता चला है कि कार जिस दिशा में गई है, पुलिस उस दिशा के सी.सी.टी.वी. कैमरे चैक कर रहे है। पता चला है कि गाड़ी दोराहा तक गई है। कार में 2 युवक बैठे हुए थे जिन्होंने मुंह पर रूमाल बांध रखे थे जबकि दोराहा के नजदीक एक तीसरा युवक उस कार में बैठा था। हालांकि, अभी तक इस बारे में कोई पुलिस अधिकारी कुछ कहने को तैयार नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *