• Wed. Mar 25th, 2026

सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा के लिए हरियाणा में 3 लाख लड़कियों को मुफ्त HPV वैक्सीन लगेगी

चंडीगढ़ 25 मार्च 2026 स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि प्रदेश में करीब 3 लाख लड़कियों को ह्यूमन पैपिलोमावायरस वैक्सीन (एच.पी.वी.) निःशुल्क लगाई जाएगी। अब तक लगभग 3280 किशोर लड़कियों को यह वैक्सीन लगाई जा चुकी है। फिलहाल 14 साल की लड़कियों की सही लिस्ट बनाने के लिए सभी जिलों में हैड काऊंट सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य में टारगेट किशोर लड़कियों की संख्या कुल आबादी का 1 प्रतिशत है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 28 फरवरी को हरियाणा में एच.पी.वी. वैक्सीन लांच की थी। यह इंजैक्शन एच.पी.वी. के टाइप 16 और 18 से सुरक्षा देता है जो सर्वाइकल कैंसर के लिए जिम्मेदार हैं, साथ ही टाइप 6 और 11 से भी सुरक्षा देता है। इसके टारगेट लाभार्थी वे किशोर लड़कियां हैं जिन्होंने 14 साल की उम्र पूरी कर ली है लेकिन अभी 15 साल की नहीं हुई हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि वैक्सीन देने से पहले सभी मैडीकल और पैरा-मैडीकल स्टाफ यह सुनिश्चित करें कि वैक्सीन लगवाने वाली किशोरी टीकाकरण के समय खाली पेट न हों। टीकाकरण के बाद यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि वैक्सीन लगवाने वाली किशोरियां 30 मिनट तक वहीं रुकें।

सभी को मिलकर हरियाणा को करना है टी. बी. मुक्त

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा को टी. बी. मुक्त करने के लिए प्रदेश के सभी लोगों को मिलकर काम करना है। उन्होंने यह बात आज विश्व टी. बी. दिवस के अवसर पर टी. बी. मुक्त भारत अभियान 100 दिवसीय अभियान के राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम में ऑनलाइन हिस्सा लेने के बाद यहां कही। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हरियाणा में टी. बी. मुक्त अभियान की यह राज्यव्यापी पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन के अनुरूप है, जिसके तहत भारत से टी. बी. (तपेदिक) को वैश्विक लक्ष्य से पहले ही समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *