• Tue. Mar 3rd, 2026

फीस के नाम पर 20 लाख की ठगी, बुआ-भतीजी को भेजा इंग्लैंड, यूनिवर्सिटी में आधी राशि ही कराई जमा

कुरुक्षेत्र 03 मार्च 2026 : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद क्षेत्र में विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। बुआ-भतीजी को उच्च शिक्षा के लिए विदेश भेजने के नाम पर एजेंट ने परिवार से मोटी रकम ऐंठ ली, लेकिन यूनिवर्सिटी में पूरी फीस जमा नहीं करवाई। बाद में शेष फीस मांगने पर आरोपी ने हाथ खड़े कर दिए और कथित रूप से जान से मारने की धमकी भी दी।

गांव खरींडवा निवासी कंवरजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसे जानकारी मिली थी कि जगाधरी (यमुनानगर) निवासी दीपक सैनी बच्चों को विदेश भेजने का काम करता है। उसने अपनी बेटी और बहन की बेटी को अमेरिका में पढ़ाई के लिए भेजने के उद्देश्य से दीपक से संपर्क किया। दीपक ने दोनों लड़कियों के दस्तावेज लेकर फाइल अंकित लालड नामक व्यक्ति को सौंप दी। शिकायतकर्ता के अनुसार, अंकित ने दोनों को अमेरिका भेजने के लिए 40 लाख रुपये की मांग की, जो 32 लाख रुपये में तय हुई। पहले चरण में 10 लाख रुपये फीस जमा करवाने के नाम पर एडवांस लिए गए। कुछ समय बाद अमेरिका का वीजा रिफ्यूज हो गया।

इसके बाद आरोपी ने यूके भेजने का प्रस्ताव रखा और पहले दिए गए 10 लाख रुपये एडजस्ट करने का भरोसा दिया। यूके के लिए पहले 13-13 लाख रुपये (6 महीने की फीस सहित) मांगे गए, लेकिन बाद में 16-16 लाख रुपये (एक साल की फीस) की मांग की गई। आरोप है कि आरोपी ने केवल 6 महीने की फीस ही जमा करवाई।

वीजा लगने के बाद आरोपी ने 20-20 लाख रुपये की मांग की। क्लास शुरू होने और जरूरी कागजात आरोपी के पास होने के कारण मजबूरी में परिवार ने कुल 40 लाख रुपये दे दिए। छह महीने बाद यूनिवर्सिटी ने शेष फीस की मांग की, जिस पर आरोपी ने और राशि जमा करवाने से इनकार कर दिया।

मजबूरन शिकायतकर्ता को 12 लाख रुपये स्वयं जमा करवाने पड़े। कंवरजीत सिंह का आरोप है कि जब उसने अपने 24 लाख रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने केवल 4 लाख रुपये लौटाए और बाकी 20 लाख रुपये बाद में देने का आश्वासन दिया। बाद में आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया और कथित रूप से जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़ित की शिकायत पर थाना शाहाबाद पुलिस ने आरोपी अंकित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *