मुंबई 01 अप्रैल 2026 : मुंबई उपनगरी और लंबी दूरी की ट्रेनों की रफ्तार में बाधा बनने वाले 10 रेलवे फाटक अब स्थायी रूप से बंद किए जाएंगे। मध्य रेलवे ने कल्याण से लोणावला के बीच रेल ओवर ब्रिज (ROB) और अंडरपास (RUB) बनाने का फैसला लिया है। इस प्रोजेक्ट को अगले दो साल में पूरा करने की योजना है और इसके लिए करीब 183 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
रेलवे मंत्रालय के निर्देशानुसार देशभर में रेलवे फाटकों को चरणबद्ध तरीके से बंद कर वहां पुल और बोगदे बनाए जा रहे हैं, ताकि दुर्घटनाओं को पूरी तरह खत्म किया जा सके। इसी कड़ी में इस रूट पर भी बड़े स्तर पर काम शुरू किया गया है।
फिलहाल रेलवे फाटक खुलने-बंद होने में 8 से 10 मिनट का समय लगता है, जिससे ट्रैफिक और ट्रेन संचालन दोनों प्रभावित होते हैं। कई जगहों पर ट्रेनों की स्पीड भी कम करनी पड़ती है। नए फ्लाईओवर बनने के बाद यह समस्या खत्म हो जाएगी और ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी।
इस परियोजना का सबसे बड़ा फायदा मुंबई-पुणे रूट पर चलने वाली मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को मिलेगा। इसके अलावा छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से कर्जत और खोपोली के बीच चलने वाली लोकल ट्रेनों का संचालन भी ज्यादा सुचारू हो जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, भिवपुरी-कर्जत के बीच 3, बदलापुर-वांगणी के बीच 2, वांगणी-शेलू के बीच 2, नेरळ-भिवपुरी के बीच 2 और शेलू-नेरळ के बीच 1 फ्लाईओवर बनाया जाएगा। कुल मिलाकर 10 पुल इस प्रोजेक्ट के तहत तैयार किए जाएंगे।
इस कदम से न केवल रेल यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि सड़क यातायात भी सुगम होगा और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
